मतदाता सूची के सत्यापन पर राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी की बैठक, घर-घर होगा निरीक्षण
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 7 अक्टूबर 2026 | 03:42 PM5

चंपावत, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के नामांकन को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का अपने स्तर पर भी गंभीरता से परीक्षण करने का आग्रह किया। यदि किसी पात्र और वैध मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो उसे नियमानुसार जोड़ने और किसी अपात्र या अनावश्यक रूप से दर्ज नाम को हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुझाव और दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। इस बात पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
इसके अतिरिक्त, 12 से 20 अक्टूबर तक राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर वैध मतदाताओं के सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नए जोड़े गए नामों का भी सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी का नाम छूटा है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से उसे जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाया जा सके।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 54-लोहाघाट और 55-चम्पावत में फोटोयुक्त निर्वाचन नामावली के अंतिम प्रकाशन के आंकड़ों का विवरण प्रस्तुत किया। इसके अनुसार, कुल 1,90,988 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 100802 पुरुष और 90185 महिला मतदाता शामिल हैं। इस दौरान 3539 नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जबकि 1473 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा के बीएलए-1 सतीश पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय और कैलाश अधिकारी तथा कांग्रेस पार्टी के बीएलए-1 श्याम सिंह कार्की और धीरज सिंह नेगी ने भाग लिया। इस अवसर पर एसडीएम बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, जिला समन्वयक स्वीप जीवन कलौनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

राजकीय विद्यालयों के 10वीं-12वीं के छात्रों को टैबलेट के लिए DBT से मिलेगी धनराशि
14 अक्टूबर 2026 | 02:09 PM

चंपावत के छतार में 1.11 करोड़ की लागत से बनेगा क्लॉक टावर
14 अक्टूबर 2026 | 02:09 PM

विधानसभा चुनाव तैयारियों पर भारत निर्वाचन आयोग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
13 अक्टूबर 2026 | 06:41 PM

चंपावत और टनकपुर में आयोजित होंगे विशेष पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप
13 अक्टूबर 2026 | 06:38 PM