बाल संरक्षण पर जिलाधिकारी का सख्त रुख, बाल विवाह व नाबालिग वाहन संचालन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 22 फरवरी 2026 | 02:39 PM1

बागेश्वर: जनपद में बाल संरक्षण से संबंधित हितधारक विभागों की अम्ब्रेला कमेटी की बैठक जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा हुई।
जिला प्रोबेशन अधिकारी हेम तिवारी ने अवगत कराया कि वर्तमान में 166 बच्चों को प्रवर्तक योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, पोक्सो अधिनियम से पीड़ित किशोरियों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। जिलाधिकारी के समक्ष प्रवर्तक योजना के अंतर्गत 17 नए आवेदनों का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने योजना का लाभ प्राप्त कर रहे बच्चों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में रैगिंग एवं मारपीट की घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नीलेश्वर स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में निवासरत बच्चों एवं समीपस्थ वृद्धाश्रम के वृद्धजनों के बीच सायंकालीन समन्वयात्मक कार्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, ताकि दोनों पीढ़ियों को पारिवारिक स्नेह का अनुभव हो सके। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के बच्चों के लिए सप्ताह में एक दिन सामाजिक गतिविधि आयोजित करने को भी कहा।
पौंसारी आपदा से प्रभावित बालक एवं उसके परिजनों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा प्रदत्त आर्थिक सहायता के सदुपयोग एवं बालक की निरंतर शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एआरटीओ को नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक लगाने तथा विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपद में बाल विवाह रोकने हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों के प्रकाश में आते ही प्राथमिकी दर्ज की जाए। किशोरों में नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए संभावित हॉटस्पॉट स्थलों की पहचान कर वहां पुलिस निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रोबेशन कार्यालय द्वारा 17 नए बच्चों को मिशन वात्सल्य योजना से आच्छादित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कैलाश बोरा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी शंकर नाथ, एआरटीओ अमित कुमार, चाइल्ड लाइन समन्वयक संतोष टम्टा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजुलता यादव और जिला परिवीक्षा अधिकारी संतोष जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
संबंधित ख़बरें

सेवा संकल्प अभियान: कन्यालीकोट में बहुउद्देश्यीय शिविर, 193 लोगों ने योजनाओं का उठाया लाभ
8 अक्टूबर 2026 | 09:08 PM

सेवा संकल्प अभियान के तहत बागेश्वर में स्वास्थ्य शिविर और पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
6 अक्टूबर 2026 | 04:41 PM

सेवा संकल्प अभियान: बागेश्वर में 290 लोगों ने योजनाओं का उठाया लाभ, विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित
26 सितंबर 2026 | 06:05 PM

बागेश्वर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित कार्यक्रम
26 सितंबर 2026 | 12:11 AM